
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 15 अगस्त 2025 — स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के खेल भाटा मैदान में गरिमा और उल्लास के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उनके साथ जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और जिला पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात सांसद ने पूरे मैदान का निरीक्षण किया। पुलिस बल ने फायरिंग कर सलामी दी, वहीं एनसीसी, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस के कैडेट्स ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा मैदान देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।

मुख्य अतिथि ने राष्ट्र के नाम संदेश का वाचन कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के विकास में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटकों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया जाएगा।

