
70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के शत-प्रतिशत पंजीयन से मिली उपलब्धि, हर बुजुर्ग को मिलेगा प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
SARANGARH BILAIGARH :- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल कर नई मिसाल कायम की है। 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के पंजीयन और आयुष्मान वय वंदन कार्ड वितरण में जिले की उत्कृष्ट उपलब्धि ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सारंगढ़-बिलाईगढ़ को प्रदेश का अग्रणी जिला बना दिया है।
इस सफलता का श्रेय कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की सुनियोजित कार्ययोजना को दिया जा रहा है। जिले में मितानिनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक रोशन सचदेव तथा सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों के बेहतर समन्वय से घर-घर जाकर पात्र बुजुर्गों की पहचान कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया गया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने इस उपलब्धि का श्रेय मैदानी अमले, मितानिनों और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की मेहनत को दिया।
गौरतलब है कि आयुष्मान वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, उनकी आय की परवाह किए बिना, प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस और मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जाता है। जिले की इस उपलब्धि से स्पष्ट है कि प्रशासन ने केवल पंजीयन ही नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी जमीनी अभियान भी चलाया।
इस उल्लेखनीय सफलता पर जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी है। वहीं प्रशासन ने अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

