
RAIPUR :- भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा पूरे जिले में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत जिले में पवित्र कलश यात्रा निकाली जाएगी। संत रविदास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता तथा समानता की दिशा में मार्गदर्शक हैं। यह अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक लगातार संचालित होगा, जिसके माध्यम से पार्टी समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर संत रविदास के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।
ज्योति पटेल ने बताया कि भाजपा द्वारा आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल कलश का पूजन राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में साधु-संतों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसके बाद 4 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के संत-महात्मा और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रदेश के 36 संगठन जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे।
इसके उपरांत प्रदेश के 479 मंडलों में कलश वितरण और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा का कहना है कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जल कलश के माध्यम से संत रविदास के समरस समाज के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा, जिससे प्रदेश में सामाजिक सद्भाव, समरसता और एकता का वातावरण मजबूत हो सके।

