
रायपुर/सारंगढ़–बिलाईगढ़, 1 दिसंबर 2025।
केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज पूरे प्रदेश में प्रधानमंत्री और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय में भी कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े स्तर पर पुतला दहन करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक पत्र में कहा है कि ईडी, सीबीआई जैसी एजेंसियों का प्रयोग राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए की जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर आज छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों, विशेषकर सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में कांग्रेसजन सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और प्रधानमंत्री व ED के पुतले का दहन करेंगे।
सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में जिला/शहर कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी संगठन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंच, पंच, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

कांग्रेस ने इस विरोध को लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बताते हुए कहा है कि केंद्र की ‘दमनकारी’ नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

