
सारंगढ़/रायपुर।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बुधवार को जारी किए गए बड़े प्रशासनिक आदेश में 43 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर संजय कन्नौजे का स्थानांतरण करते हुए उन्हें संस्कृत धर्मस्व विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है।
वहीं, सारंगढ़ जिले की नई कलेक्टर के रूप में श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की नियुक्ति की गई है। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव देखने को मिलेगा।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस व्यापक फेरबदल में अपर मुख्य सचिव स्तर से लेकर कलेक्टर स्तर तक कई अहम बदलाव किए गए हैं। कई विभागों में प्रमुख सचिव और सचिवों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया गया है, जबकि कई जिलों में नए कलेक्टरों की पदस्थापना की गई है।
सरकार का कहना है कि यह निर्णय प्रशासनिक कसावट लाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस बदलाव से शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में तेजी आने और आम जनता को योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह तबादला सूची अधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा और विभागीय समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल सके।

