
विष्णुदेव साय द्वारा 28 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 84,058 किसानों के खातों में धान बोनस की राशि सीधे डीबीटी के जरिए अंतरित की जाएगी। यह कार्यक्रम बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत खेल मैदान, रहंगी में आयोजित होगा।
खरीफ विपणन वर्ष 2025 में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कुल 84,058 किसानों ने 4,42,948.84 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया है। किसानों को उनकी धान बिक्री की अंतर राशि के रूप में कुल 3,237.96 लाख रुपए (लगभग 32.37 करोड़ रुपए) का भुगतान “कृषक उन्नति योजना” के तहत किया जाएगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। किसान शुक्ला भवन, विशालपुर (रायपुर रोड) सारंगढ़, जनपद पंचायत बरमकेला सभाकक्ष एवं जनपद पंचायत बिलाईगढ़ सभाकक्ष से कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर कार्यक्रम का लाभ लें और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त करें। किसानों के खातों में राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से जमा की जाएगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्वरित होगी।
धान बोनस की इस राशि से जिले के किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और आगामी फसल की तैयारी में सहूलियत होगी।

