
SARANGARH:-
छत्तीसगढ़ के ‘नक्सल मुक्त’ होने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा सारंगढ़ के जय स्तंभ चौक पर भव्य दीपदान एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरीहा के आह्वान एवं जिला अध्यक्ष हितेश अजगल्ले के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जय स्तंभ चौक सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। यह दीपदान उन वीर जवानों को समर्पित रहा, जिन्होंने बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापना और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उपस्थित जनों ने मौन धारण कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजयुमो नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के अंधकार से निकलकर विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भाजयुमो पदाधिकारियों ने इसे हजारों पीड़ित परिवारों के लिए न्याय का दिन बताते हुए प्रदेश में शांति, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अमित तिवारी, व्यापारी प्रकोष्ठ के संगीत ठाकुर, भाजयुमो जिला महामंत्री सौरभ सिंह राजपूत, नगर मंडल अध्यक्ष अक्षत स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

