
सारंगढ़ के वार्ड -1 में सड़क पर गहरी दरारें ,वार्डवासियों ने घटिया निर्माण और भ्रस्टाचार के लगाए आरोप
SARANGARH BILAIGARH :- सारंगढ़ नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 1 में हाल ही में निर्मित सीसी (सीमेंट कंक्रीट) सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई है। मेन रोड से बस्ती तक बनाई गई सड़क पर कई स्थानों पर गहरी दरारें उभर आई हैं और सड़क का हिस्सा धंसने लगा है। सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय वार्डवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई और घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया। उनका कहना है कि पहली ही बारिश के बाद सड़क के बीचों-बीच लंबी दरारें पड़ गईं, जिससे सड़क दो हिस्सों में बंटने जैसी स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर सड़क धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

बताया जा रहा है कि इस सड़क का निर्माण लाखों रुपये की लागत से कुछ माह पूर्व ही कराया गया था, लेकिन इतनी कम अवधि में सड़क का क्षतिग्रस्त होना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।
सड़क की खराब स्थिति से आक्रोशित वार्डवासियों ने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि दोषी ठेकेदार और संबंधित सब-इंजीनियर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
वार्डवासियों ने जिला प्रशासन और नगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।
बॉक्स खबर
वार्डवासियों की प्रमुख मांगें
- सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच हो।
- गुणवत्ता की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।
- दोषी ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
- क्षतिग्रस्त सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।

