
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के तहत कलेक्टोरेट में आयोजित हुआ कार्यक्रम
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 दिसंबर 2025।
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऊर्जा बचाओ संकल्प अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिले के प्रभारी अधिकारियों को ऊर्जा बचत एवं नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने शपथ ली कि वे स्वयं, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे तथा सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। साथ ही अनावश्यक ऊर्जा उपयोग से बचते हुए स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोत न केवल ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि कार्बन उत्सर्जन कम कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायक हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से नागरिकों एवं संस्थानों को सौर ऊर्जा से जोड़कर ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण (क्रेडा) के तत्वावधान में किया गया, जिसमें क्रेडा अधिकारी शिवेन्द्र सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
इस शपथ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम कर सौर एवं अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाना, पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना तथा जलवायु परिवर्तन से प्रभावी ढंग से मुकाबला करना है।

