
SARANGARH :- भारतीय जनता पार्टी जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को जिला भाजपा कार्यालय चंदई (सारंगढ़) में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत आयोजित हुआ।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री एवं मुख्य वक्ता हर्षिता पांडे ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं।

उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। डिजिटल भुगतान, आधारभूत संरचना के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूती तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को भी उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष बेदराम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडे सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं और आगामी विकास दृष्टि पर भी चर्चा की गई।

